बॉलीवुड इंडस्ट्री एक खुले आसमान की तरह है जहां पर आपको स्टार और सुपरस्टार तो बहुत मिल जाएंगे लेकिन अगर आपने एक अभिनेता को खोजने की कोशिश की तो आपके पास चील की नजर होनी चाहिए क्योंकि आप एक ऐसी चीज को खोजने कोशिश कर बैठे हैं जो आसानी से नहीं मिला करती। शाहरुख खान, सलमान खान, आमिर खान, अक्षय कुमार, अजय देवगन, संजय दत्त, सनी देओल जैसे सितारों के बीच ओम पुरी, पंकज कपूर, मनोज बाजपेई, इरफान खान और नवाजुद्दीन सिद्दीकी जैसे अभिनेता बहुत मुश्किल से मिलते हैं।

आज हम जिस अभिनेता की बात कर रहे हैं अगर हम उसे सिर्फ अभिनेता कह दे तो उनकी तोहीन मानी जाएगी क्योंकि वो सिर्फ एक अभिनेता नहीं बल्कि अभिनय की एक किताब है। आजकल के नए एक्टर और एक्ट्रेस का अगर अभिनय सीखने के लिए थिएटर या एक्टिंग स्कूल जाना संभव नहीं हो पा रहा है तो इस अभिनेता की फिल्मों को देखना चाहिए क्योंकि इस अभिनेता ये फिल्में अभिनय की मास्टर क्लास से कम नहीं है।
हम बात कर रहे हैं अपने करियर में तीन फिल्मफेयर पुरस्कार, तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और वेनिस फिल्म फेस्टिवल में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के लिए द वोल्पी कप भी जीत चुके नसरुद्दीन शाह साहब की।

हाल ही में रिलीज हुई इम्तियाज अली की फिल्म मैं वापस आऊंगा काफी तारीफ़ बटोर रही है। फिल्म देखकर आपको समझ आ जाएगा कि नसीरुद्दीन शाह इस फिल्म की जान हैं, वो इतना कमाल का काम कर गए हैं कि आप फिर से उनके मुरीद हो जाएंगे। एक एक फ्रेम में, एक एक डायलॉग में वो जान डाल देते हैं। उन्होंने ईशर की नाजुक अवस्था के बीच उनके अंदरुनी दर्द, अपनी प्रेमिका से मिलने की तड़प और विभाजन के असर को बखूबी बयां किया है।


